देश की खबरें | ग्रेटर नोएडा में वायु प्रदूषण : स्थानीय निवासियों ने प्राधिकरण पर लगाया लापरवाही का आरोप

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के अधिकारी भले ही प्रदूषण रोकने के लिए कदम उठाने के दावे कर रहे हों, लेकिन स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की लापरवाही के चलते ही उनके क्षेत्र में वायु प्रदूषण बढ़ रहा है।

नोएडा, चार नवंबर उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के अधिकारी भले ही प्रदूषण रोकने के लिए कदम उठाने के दावे कर रहे हों, लेकिन स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की लापरवाही के चलते ही उनके क्षेत्र में वायु प्रदूषण बढ़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में लोग जगह-जगह कूड़ा और अलाव जला रहे हैं, लेकिन शिकायत के बावजूद प्राधिकरण के अधिकारी उन पर अंकुश लगाने में विफल रहे हैं।

डेल्टा-3 सेक्टर के ‘रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन’ (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष रामकुमार धामा ने आरोप लगाया कि उनके सेक्टर में आए दिन लोग कूड़े जलाते हैं जिसके कारण चारों तरफ धुआं फैलने से वायु प्रदूषण घातक स्थित मे पहुंच गया है।

उन्होंने ग्रेटर नोएडा के प्राधिकरण के अधिकारियों से मांग की है कि इस तरह के लोगों खिलाफ कार्रवाई की जाए।

डेल्टा- 3 सेक्टर में ही रहने वाले वरिष्ठ मीडियाकर्मी भुवन चंद्र चौबे ने आरोप लगाया है कि सेक्टर में लोग जगह-जगह कूड़ा जला देते हैं जिसकी वजह से वायु प्रदूषण काफी तेजी से फैल रहा है।

चौबे ने कहा कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक 490 पर पहुंच गया है जो वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों से मांग की है कि वे वायु प्रदूषण रोकने के लिए कठोर कदम उठाएं।

चौबे ने आरोप लगाया कि सेक्टर में सफाई के लिए जिम्मेदार एजेंसी के लोग भी कूड़े में आग लगा देते हैं, जिसकी वजह से स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है।

बीटा-1 सेक्टर में रहने वाले प्रेमचंद ने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑफिसर कॉलोनी के पास कूड़े के ढेर में शनिवार को अज्ञात लोगों ने आग लगा दिया जिसके चलते आसपास के क्षेत्र में काफी धुआं फैल गया है।

प्रेमचंद ने बताया कि कई बार सूचना देने के बावजूद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी इस तरह के लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों से मांग की कि वे कूड़ा जलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें ताकि लोगों को वायु प्रदूषण से निजात मिल सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now