चेन्नई, 11 अप्रैल तमिलनाडु में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये भारतीय जनता पार्टी एवं राज्य विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक ने शुक्रवार को गठबंधन की घोषणा की। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऐलान किया कि प्रदेश में 2026 का विधानसभा चुनाव अन्नाद्रमुक अध्यक्ष एडप्पादि के. पलानीस्वामी के नेतृत्व में लड़ा जायेगा।
अलग होने के करीब दो साल बाद दोनों पार्टियों के बीच फिर से गठबंधन होने पर शाह ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य स्तर पर पलानीस्वामी का नेतृत्व होगा।
शाह ने यहां पलानीस्वामी और प्रदेश भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष के अन्नामलाई के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अन्नाद्रमुक एवं भाजपा ने अगला (साल) चुनाव (साथ) लड़ने का फैसला किया है...1998 से, अन्नाद्रमुक पार्टी भाजपा गठबंधन का हिस्सा रही है(अलग अलग समय पर)। प्रधानमंत्री मोदी और दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता ने केंद्र-राज्य संबंधों के लिए काम किया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम एडप्पादी पलानीस्वामी के नेतृत्व में मिलकर सरकार बनाएंगे।’’ उन्होंने संकेत दिया कि राजग के जीतने पर यह गठबंधन सरकार होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि राजग को ठोस जनादेश मिलेगा और वह सरकार बनाएगा।
कुछ मुद्दों पर अन्नाद्रमुक के अलग-अलग रुख पर शाह ने कहा कि बैठकर चर्चा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर न्यूनतम साझा कार्यक्रम बनाया जाएगा।
उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ द्रमुक की आलोचना की और आरोप लगाया कि वह सनातन धर्म, तीन नीति और परिसीमन जैसे मुद्दों को केवल महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान हटाने के इरादे से उठा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY