देश की खबरें | अहमदाबाद विमान दुर्घटना : पंजाब के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वे गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से बेहद दुखी हैं।
चंडीगढ़, 12 जून पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वे गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से बेहद दुखी हैं।
मुख्यमंत्री मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। एक यात्री विमान उड़ान के दौरान एक रिहायशी इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। धुएं और तबाही की तस्वीरें बेहद परेशान करने वाली हैं।”
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा, “हवाई दुर्घटना की खबर से बेहद दुखी हूं। प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ मेरी प्रार्थनाएं हैं।”
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की खबर से उन्हें गहरा दुख हुआ है।
कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अहमदाबाद के पास एअर इंडिया के विमान हादसे से बेहद स्तब्ध और दुखी हूं, जिसमें 242 यात्री सवार थे। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके और चालक दल के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं और सभी की सुरक्षा की कामना करता हूं। ’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि अहमदाबाद में 242 लोगों को ले जा रहे एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर दिल दहला देने वाली है।
भाजपा नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह एअर इंडिया की उड़ान में हुई दुखद घटना के बारे में जानकर स्तब्ध हैं।
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि वह अहमदाबाद विमान दुर्घटना से काफी आहत हैं।
एअर इंडिया का लंदन जा रहा एक विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यहां एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में, विमान में सवार सभी लोगों के मारे जाने की आशंका है।
सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट, शहर के सिविल अस्पताल और बीजे मेडिकल कॉलेज परिसर में बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (एआई171) के दुर्घटनाग्रस्त होने के कई घंटों बाद भी मृतकों की संख्या के बारे में अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।
विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे।
अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए उड़ान भरने वाले विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता विजय रुपाणी भी सवार थे।
इस बीच, पार्टी के नेता सी आर पाटिल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री रुपाणी की इस दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
अनौपचारिक रिपोर्टों में कहा गया है कि विमान में सवार लोगों के बचने की संभावना बहुत कम है और मेडिकल कॉलेज परिसर में करीब 25 लोगों की मौत हुई होगी।
एअर इंडिया के अनुसार, विमान में सवार 230 यात्रियों में से 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक थे।
इस बीच, विमान हादसे में मारे गये भारतीय जनता पार्टी के पंजाब इकाई के प्रभारी विजय रूपाणी के निधन पर पार्टी के नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है।
भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा, ‘‘यह जानकर बहुत दुख हुआ और दिल टूट गया कि श्री विजय रूपाणी जी उस दुर्भाग्यपूर्ण एअर इंडिया विमान में सवार थे जो आज अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह एक विनम्र और दयालु इंसान और एक जमीनी नेता थे। मुझे उनके साथ जुड़ने का सौभाग्य मिला क्योंकि वह पंजाब भाजपा के प्रभारी थे।’’
जाखड़ ने कहा, ‘‘न केवल गुजरात ने उनके रूप में एक महान नेता खो दिया है, बल्कि यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है, क्योंकि मुझे उनका सौम्य और नरम व्यवहार बहुत अच्छा लगता था। सार्वजनिक जीवन में उनकी बुद्धिमत्ता और सादगी की कमी खलेगी।’’
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमरिंदर सिंह ने भी रूपाणी के निधन पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ‘‘अहमदाबाद के निकट दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री श्री विजय रूपाणी जी के दुखद निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनायें।’’
भाजपा नेता केवल सिंह ढिल्लों और तरुण चुघ ने भी रूपाणी के निधन पर शोक जताया है।
शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने भी रूपाणी के निधन पर शोक व्यक्त किया।
सुखबीर ने कहा, ‘‘गुजरात के दो बार मुख्यमंत्री रहे विजय रूपाणी जी के अहमदाबाद विमान दुर्घटना में निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। रूपाणी जी को हमेशा एक जमीनी नेता के रूप में याद किया जाएगा, जिनका निस्वार्थ जनसेवा का अभूतपूर्व रिकॉर्ड रहा है। मैं इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)