देश की खबरें | कानूनी परामर्श के बाद 22 लाख अभ्यर्थियों की डिजिटल ओएमआर शीट जारी कर सकेंगे: ब्रत्य बसु

कोलकाता, 11 अप्रैल पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) उचित कानूनी परामर्श के साथ 2016 की परीक्षा में शामिल हुए सभी 22 लाख अभ्यर्थियों की ‘ऑप्टिकल मार्क रिकॉग्निशन’ (ओएमआर) शीट की 'डिजिटल मिरर इमेज' प्रकाशित करने के लिए तैयार है। राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने शुक्रवार को यह बात कही।

पिछले सप्ताह उच्चतम न्यायालय ने राज्य सरकार द्वारा संचालित और सहायता प्राप्त स्कूलों में 25,753 शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्ति को ‘‘अमान्य’’ करार दिया था।

आंदोलनकारी शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के साथ बैठक के बाद बसु ने कहा कि राज्य सरकार को दो सप्ताह के भीतर सूची प्रकाशित करने की उम्मीद है।

बसु ने कहा कि हालांकि एसएससी के पास संबंधित ओएमआर शीट की डिजिटल तस्वीरें नहीं हैं, लेकिन उसके पास उन शीट की प्रतियां हैं जिन्हें सीबीआई ने अपनी जांच के दौरान प्राप्त किया था और जिन्हें एजेंसी ने बाद में आयोग के साथ साझा किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘क्योंकि मामला उच्चतम न्यायालय के एक फैसले से संबंधित है जिसका हम उल्लंघन नहीं कर सकते, इसलिए हम एसएससी की वेबसाइट पर संबंधित ओएमआर शीट डालकर पात्र और दागी अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित करने के लिए कानूनी परामर्श ले रहे हैं।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘यदि कोई कानूनी बाधा नहीं आई तो हम दो सप्ताह के भीतर यह कार्य पूरा कर लेंगे।"

उन्होंने साथ ही पुष्टि की कि प्रकाशन की संभावित समय सीमा 21 अप्रैल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)