देश की खबरें | गुरद्वारा पर टिप्पणी करने के लिए संदीप दायमा के विरुद्ध कार्रवाई की जाए: पंजाब के भाजपा नेता

चंडीगढ़, पांच नवंबर पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने राजस्थान के तिजारा में हाल ही में एक रैली के दौरान गुरद्वारों पर टिप्पणी करने को लेकर रविवार को अपनी पार्टी के नेता संदीप दायमा के निष्कासन की मांग की।

पंजाब भाजपा की महिला मोर्चा की प्रमुख जय इंदर कौर ने राजस्थान के भाजपा नेता दायमा के खिलाफ रविवार को यहां पुलिस में शिकायत दर्ज करायी।

वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने दायमा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है जबकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि राजस्थान के पार्टी नेता की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती है।

राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले दायमा द्वारा एक नवंबर को तिजारा में एक रैली के दौरान गुरद्वारों के विरुद्ध टिप्पणी करने से राज्य में विवाद खड़ा हो गया है।

दायमा ने कथित रूप से कहा था कि इस रेगिस्तानी राज्य में जो गुरद्वारे खुले हैं वे ‘खुला घाव’ होंगे और उन्हें उखाड़ फेंकना चाहिए। वैसे बाद में दायमा ने अपनी इस टिप्पणी को लेकर माफी मांग ली थी।

जाखड़ ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नागरिकों की धार्मिक संवेदना के विरुद्ध राजस्थान के नेता की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती है। उनके निंदनीय बयान से लोगों के दिलों को जो ठेस पहुंची है उसके बारे में मैंने केंद्रीय नेतृत्व को अगवत करा दिया है।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘ प्रदेश भाजपा इकाई ने सभी विकल्प खंगालने की सिफारिश की है ताकि ऐसे गलत आचरण की पुनरावृत्ति न हो क्योंकि इस असंवेदनशील टिप्पणी से लोगों के हृदय को जो ठेस पहुंची है और उनमें जो नाराजगी है, वह माफी से शांत नहीं होगी।’’

सिंह ने नफरत भरी टिप्पणी करने को लेकर दायमा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दायमा जैसे लोग बिना कुछ सोचे-समझे निंदनीय बयान देते हैं, उनके लिए भाजपा जैसे दल में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सिंह ने कहा कि दायमा द्वारा माफी मांगने से कुछ नहीं होने वाला है क्योंकि उससे (बयान से) पहले से ही लोग आहत हैं। उन्होंने कहा कि ना केवल उन्हें पार्टी से निकाला जाना चाहिए, बल्कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जानी चाहिए।

कौर ने पुलिस शिकायत में दायमा के खिलाफ उनकी टिप्पणी को लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।

कुछ दिनों पहले शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने भी राजस्थान के इस भाजपा नेता की टिप्पणी की निंदा की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)