देश की खबरें | आप ने सीसीएस आचरण नियम के उल्लंघन पर संबित पात्रा को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को आईटीडीसी अध्यक्ष के पद से हटाने की मांग की। आप ने आरोप लगाया कि पात्रा ने कथित तौर पर केंद्रीय लोक सेवा (सीसीएस)-आचरण नियम का उल्लंघन करके पार्टी हित में पद का दुरुपयोग किया।
नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को आईटीडीसी अध्यक्ष के पद से हटाने की मांग की। आप ने आरोप लगाया कि पात्रा ने कथित तौर पर केंद्रीय लोक सेवा (सीसीएस)-आचरण नियम का उल्लंघन करके पार्टी हित में पद का दुरुपयोग किया।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी को लिखे एक पत्र में वरिष्ठ आप नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि भारतीय पर्यटन विभाग निगम (आईटीडीसी) का अध्यक्ष होने के बावजूद पात्रा ने भाजपा के लिए अभियान जारी रखा, जो सीसीएस-आचरण नियम का सरासर उल्लंघन है।
दिल्ली सरकार के योजना विभाग की ओर से संवाद और विकास आयोग की उपाध्यक्ष और आप नेता जैस्मीन शाह को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी करने के कुछ दिनों बाद आतिशी का पत्र सामने आया है। आप के आधिकारिक प्रवक्ता के रूप में कार्य करके सार्वजनिक पद का दुरुपयोग करने के आरोप में जैस्मीन शाह को यह नोटिस जारी किया गया था।
भाजपा नेता और पश्चिमी दिल्ली से सांसद परवेश वर्मा की एक शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई। आप ने नोटिस को गुजरात में पार्टी के बढ़ते ग्राफ के चलते दिल्ली सरकार पर किया गया एक और हमला करार दिया।
आप विधायक ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘मैंने केंद्रीय पर्यटन मंत्री और केंद्रीय सतर्कता आयोग को पत्र लिखकर संबित पात्रा को आईटीडीसी के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की है। अध्यक्ष के रूप में सार्वजनिक पद पर रहते हुए भी पात्रा ने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता का पद नहीं छोड़ा।’’
आतिशी ने आरोप लगाया कि पात्रा ने सोशल मीडिया पर कई राजनीतिक वीडियो अपलोड किये, जिन्हें उनके कार्यालय में शूट किया गया था, जो सार्वजनिक पद के दुरुपयोग का एक उदाहरण है।
पात्रा को पिछले साल 30 नवंबर को आईटीडीसी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, जो पर्यटन मंत्रालय के तहत आता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)