देश की खबरें | पत्नी की अस्थियां विसर्जित करने आए शख्स की एअर इंडिया विमान दुर्घटना में मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ब्रिटेन में रहने वाले अर्जुन पटोलिया अपनी पत्नी की अस्थियों को नर्मदा नदी में विसर्जित करने के लिए भारत आए थे। उन्हें नहीं पता था कि यह उनके परिवार के लिए उनका आखिरी कर्तव्य होगा।

अमरेली (गुजरात), 14 जून ब्रिटेन में रहने वाले अर्जुन पटोलिया अपनी पत्नी की अस्थियों को नर्मदा नदी में विसर्जित करने के लिए भारत आए थे। उन्हें नहीं पता था कि यह उनके परिवार के लिए उनका आखिरी कर्तव्य होगा।

अर्जुन बृहस्पतिवार को एअर इंडिया विमान दुर्घटना के 241 पीड़ितों में से एक थे, जिससे उनकी चार और आठ साल की दो बेटियां अनाथ हो गईं।

बमुश्किल दो सप्ताह पहले ही अर्जुन की पत्नी भारती का लंबी बीमारी के बाद लंदन में मौत हो गई थी। गुजरात के अमरेली जिले के वडिया गांव के अर्जुन (36) अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ लंदन में रह रहे थे।

अर्जुन के भाई संजय पटोलिया ने बताया, ‘‘दो सप्ताह पहले भारती की लंदन में बीमारी के कारण मौत हो गई।’’

उन्होंने बताया, ‘‘अपनी पत्नी की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए, उनकी अस्थियों को नर्मदा नदी में विसर्जित करने के लिए, मेरे भाई ने लंदन में उनका अंतिम संस्कार किया और कुछ दिन पहले भारती की अस्थियों को लेकर भारत आए।’’

वडोदरा के पास रस्में पूरी करने के बाद, अर्जुन बृहस्पतिवार को विमान में सवार होने के लिए अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए। संजय ने रुंधे स्वर में कहा, ‘‘विमान के उड़ान भरने के तुरंत बाद, हमें दुर्घटना की खबर मिली। हम टूट चुके हैं।’’

इस क्रूर घटनाक्रम से दोनों छोटी बहनें बेसहारा हो गई हैं। अर्जुन की यात्रा उनके परिवार के लिए दुख का एक नया अध्याय लेकर आई। संजय ने कहा, ‘‘उनकी दोनों बेटियां इस समय लंदन में हमारे करीबी रिश्तेदार के पास हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now