देश की खबरें | राजस्थान के लोगों का एक समूह जॉर्जिया में फंसा, केंद्र सरकार से मदद मांगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के 29 ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)’ और उनके परिवारों का 61 सदस्यीय समूह उड़ान रद्द होने के कारण जॉर्जिया में फंस गया है तथा उसने स्वदेश वापसी के लिए भारत सरकार से मदद की अपील की है।

जैसलमेर/जयपुर, 14 जून राजस्थान के 29 ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)’ और उनके परिवारों का 61 सदस्यीय समूह उड़ान रद्द होने के कारण जॉर्जिया में फंस गया है तथा उसने स्वदेश वापसी के लिए भारत सरकार से मदद की अपील की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ये लोग जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी में आवासीय ‘रिफ्रेशर कोर्स’ में भाग लेने गये थे और 13 जून को शारजाह के रास्ते भारत लौटने वाले थे। हालांकि इजराइल-ईरान संघर्ष के कारण उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गईं और ये लोग वहां फंस गए।

फंसे हुए लोगों में जैसलमेर के तीन सदस्य हैं। उनमें से एक, भाविक भाटिया ने एक वीडियो पोस्ट कर भारत सरकार से तत्काल सहायता की अपील की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से उनकी सुरक्षित निकासी के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।

राजस्थान में उनके परिवार के सदस्यों ने भी उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है और सरकार से उनकी जल्द वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।

भाटिया ने अपने संदेश में कहा,‘‘जॉर्जिया में युद्ध जैसे हालात नहीं हैं और सभी लोग होटल में सुरक्षित हैं मगर युद्ध के भय की आशंका से सभी लोग सुरक्षित भारत आना चाहते हैं।’’

उनके पिता प्रमोद भाटिया ने जैसलमेर में संवाददाताओं से कहा कि परिवार बहुत चिंतित है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम बस यही चाहते हैं कि वे सभी जल्द से जल्द सुरक्षित घर लौट आएं।’’

‘इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई)‘ की केंद्रीय परिषद के सदस्य रोहित रुवतिया ने कहा, ‘‘वैसे तो जॉर्जिया में कोई खतरा नहीं है, लेकिन हवाई संपर्क में अचानक व्यवधान के कारण वे वापसी यात्रा करने में असमर्थ हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘61 लोगों का समूह एक कोर्स में भाग लेने के लिए आठ जून को जयपुर से रवाना हुआ था। समूह में 29 सीए और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now