ईटानगर, छह नवंबर अरुणाचल प्रदेश में पांच ग्राम पंचायत सदस्यों (जीपीएम) और एक जिला परिषद सदस्य (जेडपीएम) के चुनाव के लिए सोमवार को हुए उपचुनाव में 75 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक हुये मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गये।
राज्य चुनाव आयोग के सचिव तरू तालो ने बताया कि मतदान प्रतिशत बढ़ने की संभावना है क्योंकि दो मतदान केंद्रों से रिपोर्ट अभी तक संकलित नहीं की गई है।
राज्य के 23 जिलों में ग्राम पंचायतों की 54 और जिला परिषदों की दो सीटें खाली हो गईं। तालो ने बताया कि एक जिला परिषद सीट और पांच ग्राम पंचायत सीटों के लिए मतदान हुआ, बाकी सीटों पर निर्विरोध फैसला हो गया।
उन्होंने बताया कि सदस्यों की मौत और इस्तीफे सहित विभिन्न कारणों से सीटें खाली हो गई थीं।
अंजाव, लोअर दिबांग घाटी, शि योमी, लोअर सियांग और पापुम पारे जिलों की पांच पंचायत और एक जिला परिषद सीटक के लिए 2,015 महिलाओं सहित कुल 3,788 लोग पात्र मतदाता है।
अरुणाचल प्रदेश में कुल 25 जिला परिषद हैं जिनमें 242 निर्वाचन क्षेत्र हैं और 2,115 ग्राम पंचायतें हैं जिनमें 8,145 सीटें हैं।
राज्य चुनाव आयुक्त रिनचिन ताशी ने पहले कहा था कि चांगलांग जिले में विजयनगर प्रशासनिक उप-मंडल में 40 ग्राम पंचायत सीटों और एक जिला परिषद के चुनाव लंबित हैं, हालांकि इसकी वजह कानून-व्यवस्था की स्थिति और अन्य प्रशासनिक मुद्दें बताये गये।
राज्य चुनाव आयुक्त ने कहा था, ‘‘जिला चुनाव अधिकारी की रिपोर्ट के अनुसार, विजयनगर में चुनाव कराने के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं।’’
उपचुनाव के लिए मतगणना आठ नवंबर को होगी।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 37 पंचायत सीटें और एक जिला परिषद सीट पर निर्विरोध जीत हासिल की। विपक्षी कांग्रेस ने पांच पंचायत सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल की, जबकि स्वतंत्र उम्मीदवारों ने छह सीटों पर जीत हासिल की और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने एक सीट पर निर्विरोध जीत हासिल की।
राज्य में पिछले पंचायत चुनाव दिसंबर 2020 में हुए थे और जुलाई 2022 में एक जिला परिषद सीट और 130 ग्राम पंचायत सीटों के लिए उपचुनाव हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY