देश की खबरें | पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे क्षेत्र में जनवरी से अब तक 623 बच्चों को मुक्त कराया गया, 16 तस्कर गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) क्षेत्र में इस साल 600 से अधिक बच्चों को मुक्त कराया गया और कथित तौर पर मानव तस्करी में शामिल 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
गुवाहाटी, छह नवंबर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) क्षेत्र में इस साल 600 से अधिक बच्चों को मुक्त कराया गया और कथित तौर पर मानव तस्करी में शामिल 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा विभिन्न रेल गाड़ियों और रेलवे स्टेशनों पर जांच अभियान के दौरान बचाव और गिरफ्तारियां की गईं।
बयान में कहा गया है कि जनवरी से अक्टूबर तक 196 लड़कियों सहित 623 बच्चों को बचाया गया, जबकि इसी अवधि के दौरान मानव तस्करी में शामिल होने के संदेह में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गुवाहाटी, न्यू बंगाई गांव, न्यू जलपाईगुड़ी, अगरतला, रंगिया, कटिहार, दीमापुर, न्यू कूचबिहार, अलीपुरद्वार और रंगपाड़ा नॉर्थ सहित जोन के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर जांच अभियान चलाया गया।
आरपीएफ ने बचाये गये बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने की भी पहल की।
बयान में कहा गया, ‘‘माता-पिता को सौंपने से पहले नाबालिगों के सत्यापन की सभी प्रक्रियाएं मानदंडों के अनुसार की जाती हैं। आरपीएफ के साथ मिलकर काम करने वाले चाइल्डलाइन और गैर सरकारी संगठन भी उन नाबालिगों की पहचान करने में सहायता करते हैं जो या तो अपने घरों से भाग जाते हैं या मानव तस्करों का शिकार बन जाते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)