नयी दिल्ली, 31 मई नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि रविवार शाम पांच बजे तक 369 घरेलू उड़ानों का संचालन किया गया, जिनमें 35,055 लोगों ने यात्रा की।
कोरोना वायरस संक्रमण को काबू करने के लिए लागू लॉकडाउन की वजह से देश में घरेलू विमान सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं और दो महीने तक बंद रहने के बाद सोमवार को इन्हें बहाल किया गया।
इससे पहले दिन में पुरी ने कहा कि शनिवार को 529 घरेलू उड़ानों का संचालन किया गया, जिनमें 45,646 लोगों ने यात्रा की।
भारतीय विमानन कंपनियों ने शुक्रवार तक 2,340 उड़ानों का संचालन किया। इनमें सोमवार को 428, मंगलवार को 445, बुधवार को 460, बृहस्पतिवार को 494 और शुक्रवार को 513 उड़ानें संचालित की गईं।
पुरी ने रविवार को ट्वीट किया, ‘‘30 मई 2020 (छठे दिन) को देर रात 11 बजकर 59 मिनट तक 529 विमानों ने प्रस्थान किया, जिनमें 45,646 यात्रियों ने उड़ान भरी। कुल 530 उड़ानों का आगमन हुआ, जिनमें 45,622 लोगों ने यात्रा की।
प्रस्थान करने वाले विमानों को ही दिन की उड़ान के रूप में गिना जाता है।
विमानन उद्योग के सूत्रों ने बताया कि लॉकडाउन से पहले भारतीय हवाईअड्डे रोजाना करीब 3,000 घरेलू उड़ानें संचालित करते थे।
नागर विमानन निदेशालय के आंकड़ों के अनुसार फरवरी में भारत में रोजाना करीब चार लाख 12 हजार यात्रियों ने घरेलू उड़ानों से यात्रा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY