देश की खबरें | दिल्ली में 187 किलोग्राम पटाखे जब्त, तीन लोग गिरफ्तार

नयी दिल्ली, तीन नवंबर दिल्ली पुलिस ने दक्षिण और पूर्वी दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 187 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मदनगीर इलाके में खेल का सामान बेचने वाली दुकान के मालिक मनदीप सिंह (30) ने अपनी दुकान में पटाखे रख रखे हैं।

अधिकारी ने कहा कि छापेमारी कर 53.3 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए और सिंह के खिलाफ आंबेडकर नगर थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराओं और विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पूर्वी जिले की पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो लोगों को गिरफ्तार किया है और 134.5 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अमृता गुगुलोथ ने कहा कि न्यू अशोक नगर पुलिस की एक टीम ने बृहस्पतिवार को न्यू कोंडली इलाके में एक दुकान पर छापा मारकर 116 किलोग्राम पटाखे जब्त किए और अरविंद कुमार (53) को गिरफ्तार कर लिया।

एक अन्य मामले में, कल्याणपुरी थाने की एक टीम को बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति कल्याणपुरी इलाके में पटाखे बेच रहा है।

पुलिस ने बताया कि छापेमारी की गई जिसमें 18.5 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए और विपिन कुमार (41) को गिरफ्तार किया गया।

दिल्ली सरकार ने सर्दी प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने के लिए एक जनवरी 2024 तक शहर में पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा रखा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)